चित्रांश शर्मा
शाहपुरा नगर पालिका शाहपुरा आयुक्त रिंकल गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पालिका क्षेत्र में नियुक्त बीएलओ एवं सहायक घर-घर जाकर मतदाता सूची संबंधी प्रपत्र भर रहे हैं।
आयुक्त गुप्ता ने इस कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सहायक प्रशासनिक अधिकारी भारत कुमार वैष्णव भी मौजूद रहे।
आयुक्त ने जिन भाग संख्याओं में प्रगति कम पाई गई, वहाँ संबंधित बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह कार्यक्रम समयबद्ध है, इसलिए इसे पूर्ण निष्ठा और निर्धारित अवधि में पूरा किया जाए। साथ ही क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग का आग्रह किया।
आम मतदाताओं की सुविधा के लिए महलों के चौक स्थित पुराने नगर पालिका भवन में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहाँ जाकर नागरिक आवश्यक प्रपत्र भरवा सकते हैं।
अंत में आयुक्त गुप्ता ने आमजन और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्ड में कार्य कर रहे बीएलओ को पूरा सहयोग प्रदान करें।




