सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 22 नवंबर। एसआईआर कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र झुंझुनूं के 4 बूथ लेवल अधिकारियों ने परिगणना अवधि की प्रारम्भिक चरण में ही गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर उत्कृष्ट कार्य किया । उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार आर्य व उपखण्ड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशस्ति पत्र एवं इनाम भेंट कर सम्मानित किया गया । इन सभी बीएलओ ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अपने-अपने क्षेत्र में युवाओं एवं सक्रिय मतदाताओं के समूह बनाकर सहयोग लिया गया, जिससे कार्य सुगमता एवं सटीकता से पूर्ण हो सका।
प्रथम स्थान पर भाग संख्या 236 के अमित कुमार कड़वासरा, अध्यापक, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय श्यामपुरा चारणवास रहे। द्वितीय स्थान पर भाग संख्या 98 के सुनील कुमार, कनिष्ठ सहायक, ग्राम पंचायत इस्लामपुर, जबकि तृतीय स्थान पर भाग संख्या 233 के बसंत लाल, अध्यापक, शहीद विनोद कुमार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पातुसरी रहे। चतुर्थ स्थान पर भाग संख्या 151 के सुरेन्द्र सिंह काजला, अध्यापक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिडासन रहे।
एसआईआर हेल्पडेस्क स्थापित : क्षेत्र के मतदाताओं से आग्रह किया गया कि बीएलओ द्वारा दिए गए परिगणना प्रपत्रों में फोटो चिपकाकर शीघ्र जमा करवाएं। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य स्थानों पर एसआईआर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां ईएफ जमा करवाया जा सकता है।




