इमरान खान, सिरोही
भगवती रिसोर्ट के प्रबंधन निदेशक अरविंद अग्रवाल ने आज पेश किए गए राजस्थान सरकार के बजट को प्रदेश के हित में बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला है और इससे आमजन, व्यापार जगत, पर्यटन क्षेत्र तथा ग्रामीण अंचलों को व्यापक लाभ मिलेगा।
अग्रवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने बजट में आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन, उद्योगों को प्रोत्साहन तथा पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान दिया है। इन घोषणाओं से न केवल बड़े शहरों बल्कि सिरोही जैसे जिलों में भी आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों से स्थानीय व्यापार बढ़ेगा, निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों को इस बजट से नई उम्मीदें मिली हैं। बेहतर सड़क, परिवहन और सुविधाओं के विकास से बाहर से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय व्यवसायों को मिलेगा। इससे जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों की आय में वृद्धि होगी।
अरविंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए संतुलित बजट पेश करने का प्रयास किया है। किसानों, मध्यम वर्ग, उद्यमियों और युवाओं के लिए की गई घोषणाएं स्वागत योग्य हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू होंगी और सिरोही जिले के निवासियों को भी इसका पूरा लाभ मिलेगा।




