ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
बगड़ (झुंझुनू), 8 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस थाना बगड़ द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा नवीन आपराधिक कानूनों के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक झुंझुनू बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी झुंझुनू ग्रामीण हरिसिंह धायल (RPS) के निर्देशन में पुलिस थाना बगड़ की थानाधिकारी अम्बिका चौधरी (RPS प्रोबेशनर) द्वारा 8 मार्च 2026 को महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्पोर्ट्स जोन अकैडमी बगड़, पीरामल फाउंडेशन बगड़ तथा गर्ल्स पावर महिला मंडल चिड़ावा के सहयोग से उपस्थित बालिकाओं व महिलाओं से संवाद किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों में श्रीमती सुमन मकानी (156), श्रीमती सुनीता मकानी (1279) तथा श्रीमती रचना मकानी (1252) भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को राजकॉप सिटीजन एप, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा आपातकालीन सेवा 112 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए तथा डिजिटल अरेस्ट के खतरों और ऑनलाइन निवेश घोटालों के प्रति लोगों को सतर्क किया गया। उपस्थित लोगों को राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।




