ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले, खरगोन (मध्य प्रदेश)
सत्र 2026-27 के लिए जिले के शासकीय छात्रावासों में बालक-बालिकाओं के प्रवेश हेतु शिक्षा विभाग द्वारा ई-होस्टल प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह प्रक्रिया शिक्षा विभाग के एकीकृत पोर्टल के जरिए संचालित की जा रही है।
जिले में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 2 कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास (कक्षा 6 से 8 एवं 6 से 10), 11 नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास (कक्षा 6 से 8) तथा 1 नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक छात्रावास (कक्षा 3 से 8) संचालित हैं। जिले के कुल 14 छात्रावासों में 376 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा।
प्रवेश नीति के अनुसार बालिकाओं के लिए 75 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के लिए आरक्षित हैं, जबकि 25 प्रतिशत सीटें गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की बालिकाओं के लिए निर्धारित की गई हैं। चयन प्रक्रिया में अनाथ, दिव्यांग एवं बेसहारा बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति की प्राथमिक आश्रम शालाओं में अध्ययनरत कक्षा 5वीं उत्तीर्ण बालिकाओं को, जिन क्षेत्रों में माध्यमिक स्तर की आश्रम शाला उपलब्ध नहीं है, उन्हें कक्षा 6वीं में छात्रावास में प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही जिन ग्रामों में माध्यमिक शाला उपलब्ध नहीं है और बालिकाएं अन्य ग्राम की शालाओं में अध्ययनरत हैं, उन्हें भी पात्रता के आधार पर छात्रावास में प्रवेश मिल सकेगा।
प्रवेश के समय विद्यार्थियों को पूर्व शाला का टीसी, अंकसूची, आधार कार्ड, समग्र आईडी, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, एपीएल/बीपीएल कार्ड तथा मूल निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
समय-सीमा इस प्रकार है
प्रथम चरण में 10 मार्च 2026 से 30 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। 1 अप्रैल 2026 को आवेदनों की स्क्रूटनी, सूची प्रकाशन तथा प्रवेश प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
द्वितीय चरण (रिक्त सीट होने की स्थिति में) 6 अप्रैल 2026 से 10 जून 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसके बाद 14 से 15 जून 2026 के बीच स्क्रूटनी, सूची प्रकाशन और प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
छात्रावास में प्रवेश के लिए अभिभावक, विद्यार्थी अथवा पालक ऑनलाइन https://sederp.educationportal3.in/ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने में किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित छात्रावास में संपर्क कर वार्डन की सहायता से भी ऑनलाइन आवेदन कराया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने पात्र अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर अपने बच्चों को छात्रावास सुविधा का लाभ दिलाएं।




