ब्यूरो रिपोर्ट: नागेश प्रजापत, प्रतापगढ़
छोटी सादरी। नगर स्थित मां ब्राहरी (भंवर माता) धाम में चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन विधि-विधान से कलश स्थापना की गई और विशेष पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई।
मंदिर के मुख्य यजमान प्रहलाद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाएगी। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना के साथ उत्सव का आगाज हुआ।
पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया है, जिससे भक्तिमय वातावरण और अधिक मनमोहक हो गया है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में उमड़ने लगी और दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा।
आयोजन समिति के अनुसार अष्टमी के दिन भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वर्तमान में मां ब्राहरी धाम में आस्था और श्रद्धा का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है, और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आ रहा है।




