ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
सवाई माधोपुर| जिले के खण्डार कस्बे में रसोई गैस की सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। यहां उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी या किल्लत का सामना नहीं करना पड़ रहा है। गैस वितरण व्यवस्था इतनी व्यवस्थित है कि लोग मात्र 5 मिनट में अपने सिलेंडर की रिफिलिंग करवा रहे हैं। क्षेत्र में गैस की कमी की जो खबरें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह निराधार और अफवाह साबित हो रही हैं।
खण्डार, जो कि नगर पालिका एवं तहसील मुख्यालय है, वहां फिलहाल कोई स्थायी गैस एजेंसी संचालित नहीं है। इसके बावजूद गैस की आपूर्ति नियमित रूप से सुनिश्चित की जा रही है। एचपी गैस की सप्लाई सवाई माधोपुर स्थित रणथम्भोर गैस एजेंसी द्वारा साप्ताहिक रूप से की जा रही है, जबकि इंडेन गैस की सप्लाई छाण स्थित पवन इंडेन गैस एजेंसी द्वारा प्रतिदिन की जा रही है।
आज हमारे संवाददाता ने खण्डार बस स्टैंड पर इंडेन गैस की सप्लाई का जायजा लिया, जहां गैस वाहन के माध्यम से सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा था। मौके पर उपभोक्ता शांतिपूर्वक अपनी बारी से सिलेंडर लेते नजर आए। कहीं भी भीड़-भाड़ या अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को नहीं मिली।
इंडेन गैस वितरक राजेश मथुरिया ने बताया कि प्रतिदिन गैस की गाड़ी आकर लगभग 90 सिलेंडरों की सप्लाई कर रही है। यदि मांग अधिक होती है तो अतिरिक्त गाड़ी भी भेजी जाती है, जिससे किसी प्रकार की कमी नहीं रहती।
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गैस की कोई किल्लत नहीं है और सप्लाई पूरी तरह नियंत्रित एवं नियमित है।




