ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनू, 18 मार्च। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार शाम बंधे का बालाजी मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं सुख-शांति की कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आरती में भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की सक्रिय सहभागिता रही। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस आयोजन में जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाआरती के दौरान पारंपरिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि राजस्थान दिवस प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति जिले और प्रदेश की आस्था व एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। वहीं मंदिर प्रबंधन द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया।
ये रहे मौजूद:
महाआरती में पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी, विशंभर पूनिया, मुरारी सैनी, बनवारी लाल सैनी, प्यारेलाल ढूकिया, राजेश बाबल, एडीएम अजय कुमार आर्य, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र यादव, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, कोषाधिकारी डॉ. सतीश खेदड़, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता सतीश चंद्र गुप्ता, एवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता एम.के. टिबड़ा, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल, सीओ स्काउट महेश कालावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मंदिर प्रबंधन की ओर से नरेश गाड़िया, राजेश गुप्ता, प्रमोद खण्डेलिया, प्रदीप पाटोदिया, कमल केजरीवाल, सुरेंद्र राणासरिया, श्यामसुंदर गाड़िया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




