ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 19 मार्च।
जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन, विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं समसामयिक समस्याओं के निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जानकारी दी कि नहरबंदी से पूर्व गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी ब्लॉक में टैंकर या हैंडपंप की आवश्यकता होने पर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जल आपूर्ति बाधित न हो।
बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में मंत्री गहलोत ने गत वर्षों की बजट घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लंबित भूमि आवंटन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के साथ ही सैनेटरी नेपकिन की सप्लाई व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया।
सड़कों की मरम्मत के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने आगामी मानसून से पूर्व क्षतिग्रस्त सड़कों की अनिवार्य रूप से मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद बनाए रखने और उनके मार्गदर्शन में कार्य करने को कहा। बीते दो वर्षों की बजट घोषणाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर संतोष जताते हुए जिला प्रशासन की सराहना भी की।
‘राजस्थान को जानें’ क्विज में अव्वल रहा जिला
राजस्थान दिवस कार्यक्रम श्रृंखला के तहत आयोजित ‘राजस्थान को जानें’ क्विज में झुंझुनूं जिले के प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रभारी मंत्री ने बधाई दी। जिले से 48 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि जयपुर जिला 36 हजार प्रतिभागियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
एलपीजी आपूर्ति को लेकर अपील
बैठक में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला रसद अधिकारी डॉ. निकिता राठौड़ को सप्लाई चेन बनाए रखने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने आमजन से अपील की कि गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार का पैनिक न करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपूर्ति व्यवस्था सुचारू है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
सौर ऊर्जा उत्पादन पर संतोष
मंत्री गहलोत ने जिले में सौर ऊर्जा उत्पादन की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
बैठक में खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू, निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी, पूर्व सांसद संतोष अहलावत, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख बनवारीलाल सैनी, विशंभर पूनिया, राजेश दहिया, एएसपी फूलचंद मीणा, जिला परिषद सीईओ कैलाश यादव, एडीएम अजय कुमार आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




