ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
उज्जैन: हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के तट पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने पहुंचे प्रख्यात पार्श्व गायक विशाल मिश्रा ने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन किए।
विशाल मिश्रा ने प्रातःकालीन भस्म आरती में सम्मिलित होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और शिव भक्ति में लीन नजर आए। आरती के पश्चात उन्होंने विधिवत पूजन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
नव संवत्सर और गुड़ी पड़वा के अवसर पर उज्जैन पहुंचे विशाल मिश्रा शाम को शिप्रा तट पर आयोजित सांस्कृतिक समारोह में अपनी सुरीली प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर शहर में विशेष उत्साह का माहौल है।
महाकाल के दर्शन के बाद उन्होंने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा के दरबार में मिलने वाली शांति अद्भुत होती है। उन्होंने कहा कि नववर्ष की शुरुआत भगवान के दर्शन के साथ करना उनके लिए गौरव की बात है।
उल्लेखनीय है कि विशाल मिश्रा बॉलीवुड के प्रमुख गायकों एवं संगीतकारों में गिने जाते हैं। उनके उज्जैन आगमन को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शाम को होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों के शिप्रा तट पर जुटने की संभावना है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर यह आयोजन उज्जैन में नववर्ष के स्वागत को यादगार बना रहा है।




