ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, जयपुर की ओर से शुक्रवार को अंबेडकर भवन में बैटरी चालित मोटरयुक्त त्रिचक्र वाहन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के राजस्थान राज्य कार्यालय, जयपुर की निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, झुंझुनूं के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जिलेभर के 90 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित मोटरयुक्त त्रिचक्र वाहन वितरित किए गए, जिससे उनके आवागमन में सुविधा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र भाम्बू उपस्थित रहे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, राजस्थान राज्य कार्यालय जयपुर के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख मनोज गुप्ता ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में निगम के मुख्य महाप्रबंधक आशीष कुमार, उप महाप्रबंधक मालबिका दास, वरिष्ठ प्रबंधक सी.एल. मीना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन पुनिया सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त परिवीक्षा अधिकारी पवन कुमार वर्मा, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कृष्ण कुमार यादव, कनिष्ठ लेखाकार नेहा झाझड़ियां, छात्रावास अधीक्षक सत्यवीर सीगड़ तथा अन्य कार्मिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, जयपुर की ओर से प्रभारी हरीश कुमार, ललित कुमार, सागर मोरवाल एवं अवनीश ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस कार्यक्रम के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा लगभग 60 लाख रुपये की सीएसआर निधि उपलब्ध करवाई गई, जिसके माध्यम से दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विजय हिन्द जालिमपूरा द्वारा किया गया।




