ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से झुंझुनूं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। देवेन्द्र सिंह राजावत, कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक, जिला झुंझुनूं के निर्देशानुसार शहर में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।
यह फ्लैग मार्च गोपाल सिंह ढाका, वृताधिकारी (शहर) के नेतृत्व में तथा श्रवण कुमार, थानाधिकारी कोतवाली झुंझुनूं के निर्देशन में थाना जाप्ते के साथ निकाला गया।
पुलिस का यह मार्च झुंझुनूं शहर के प्रमुख क्षेत्रों—गांधी चौक, नेहरू बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, चबूतरा चौक, बड़ा मोहल्ला, खौरा मोहल्ला, समस तालाब, फतेहपुरिया मोहल्ला, खटीकान मोहल्ला, रोड नंबर 01, रोडवेज बस डिपो, मंडावा मोड़ एवं पीपली चौक—से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद करते हुए आगामी प्रमुख त्योहारों—रामनवमी, ईद-उल-फितर, गणगौर, हनुमान जयंती, महावीर जयंती एवं अंबेडकर जयंती—को शांतिपूर्वक और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने यह भी जताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है, ताकि शहर में शांति एवं सौहार्द कायम रखा जा सके।




