ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभाव-अभियोग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव मनीष नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि उपतहसील ढिकोला क्षेत्र के ग्रामीणों ने भीलवाड़ा जिला कलेक्टर से ई-बस सेवा के रूट विस्तार की मांग की है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रस्तावित 50 ई-बसों में से एक बस का दैनिक रूट भीलवाड़ा से बड़ा महुआ (लगभग 20 किमी) तक निर्धारित किया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि इस रूट को बढ़ाकर उपतहसील मुख्यालय ढिकोला (लगभग 30 किमी) तक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मनीष नायक ने बताया कि इस रूट विस्तार से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, मजदूरों, व्यापारियों और आमजन को जिला मुख्यालय तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ई-बसें संचालित करने का मुख्य उद्देश्य भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि आमजन की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए भीलवाड़ा से ढिकोला तक ई-बस रूट बढ़ाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।




