ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह, सीतापुर
सीतापुर। जिले के महमूदाबाद क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। रोज़ी-रोटी की तलाश में विदेश गए एक युवक की सऊदी अरब में मिसाइल हमले में मौत हो गई, जिसके बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
महमूदाबाद क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी 26 वर्षीय रवि गोपाल पिछले कुछ वर्षों से रियाद में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्यरत थे। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनकी आय पर ही पूरे परिवार का पालन-पोषण निर्भर था।
परिजनों के अनुसार, 18 मार्च की रात रवि गोपाल अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद कॉल कट गया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन उन्हें किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।
अगले दिन सुबह परिजनों को सूचना मिली कि जिस इलाके में रवि काम करते थे, वहां मिसाइल हमला हुआ था और इस हमले में उनकी मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता, पत्नी और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय नायब तहसीलदार ने गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।
वहीं क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्या ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी और मृतक का शव जल्द से जल्द भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि रवि गोपाल का पार्थिव शरीर भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार अपने गांव में किया जा सके। साथ ही, आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की भी मांग की गई है।
प्रशासन ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और विदेश मंत्रालय के माध्यम से सऊदी अरब प्रशासन से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर उन भारतीय मजदूरों की असुरक्षा को उजागर करती है, जो बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश जाते हैं। रवि गोपाल की असामयिक मृत्यु ने न केवल एक परिवार को बेसहारा कर दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है।




