ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं। विप्र फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 12 अप्रैल (रविवार) को झुंझुनूं शहर में ब्राह्मण समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान हेतु भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह की तैयारियों को लेकर बिबानी धाम बालाजी मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में बताया गया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। समारोह में वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष कमलकांत शर्मा एवं संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पात्र विद्यार्थी 10 अप्रैल (शुक्रवार) तक अपने संपूर्ण विवरण के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं कार्यक्रम संयोजक उमाशंकर महमिया एवं राकेश सहल से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा तथा विद्यार्थियों को नई प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के उपाध्यक्ष पवन पांडे, तहसील अध्यक्ष अनिल जोशी, जिला मंत्री एडवोकेट कमल शर्मा, विकास पुरोहित, राकेश व्यास, अजय पांडे, संजय जोशी सहित कई विप्रजन उपस्थित रहे।




