ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद
अमेठी। जनपद के इन्हौना थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे गोसाई मजरे चिलौली गांव में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। सफेदा के पेड़ को लेकर हुए झगड़े में एक ही परिवार के चार लोगों पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में आठ माह की गर्भवती महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित राम नरेश ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके खेत का सफेदा का पेड़ पड़ोसी राम किशोर के खेत में गिर गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के बाद राम किशोर अपने कुछ साथियों के साथ राम नरेश के घर पहुंचा और लाठी-डंडों व बेल्ट से हमला कर दिया। इस हमले में राम नरेश की पत्नी उर्मिला, बेटे सोनू और मोनू तथा बहू संगीता घायल हो गए। संगीता आठ माह की गर्भवती हैं और उनके पेट में चोट लगने से दर्द की शिकायत बताई जा रही है। अन्य घायलों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना कल दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना इन्हौना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते विवाद को शांत नहीं किया गया तो इस प्रकार की घटनाएं क्षेत्र में तनाव का कारण बन सकती हैं। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।




