ब्यूरो रिपोर्ट: सज्जन खान, जाफरगंज (उत्तर प्रदेश)
अमेठी। जनपद के जाफरगंज क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत लगातार गंभीर होती जा रही है। भारत गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग भोर में सुबह 4 बजे से ही अपनी बारी के इंतजार में लंबी लाइनों में खड़े हो रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे तक लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद गैस की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर अव्यवस्था का आलम है और गैस वितरण सुचारू रूप से नहीं हो पा रहा है। कई लोगों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
एजेंसी का पक्ष
इस संबंध में जब गैस एजेंसी के जिम्मेदारों से बात की गई तो उन्होंने समस्या की जड़ आपूर्ति व्यवस्था को बताया। उनका कहना है कि डिपो से गैस की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच रही हैं, जिससे वितरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि चार दिनों के लंबे इंतजार के बाद आज एक गाड़ी एजेंसी पर पहुंची है, लेकिन मांग अधिक होने के कारण बैकलॉग बढ़ गया है और आपूर्ति में बाधा आ रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। फिलहाल जाफरगंज क्षेत्र में गैस संकट के चलते लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है।




