ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानी कामत में अंधविश्वास के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 62 वर्षीय बुजुर्ग हरिराम हुई की कथित रूप से जादू-टोना करने के शक में डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दिनेश इनवाती (27) को मृतक पर जादू-टोना करने का संदेह था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने हरिराम हुई पर हमला कर दिया और डंडे से बेरहमी से पीटकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
पूरी कार्रवाई अजय पांडेय (पुलिस अधीक्षक) एवं आशीष खरे के निर्देशन में संपन्न हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंधविश्वास बना मौत की वजह
यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह तस्वीर पेश करती है। जादू-टोना जैसी भ्रांतियों के चलते निर्दोष लोगों की जान जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण इस प्रकार की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
जागरूकता की जरूरत
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समाज में शिक्षा और जागरूकता का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन और सामाजिक संगठनों को मिलकर अंधविश्वास के खिलाफ अभियान चलाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।




