ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
शाहपुरा/मथुरा। क्षत्रिय करणी सेना ने मथुरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र को मांस और मदिरा मुक्त घोषित करने की मांग को लेकर बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन के जिला अध्यक्ष विजयपाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री एवं मथुरा के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अपनी मांग प्रस्तुत की है।
विजयपाल ठाकुर ने कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र देश-दुनिया में भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि के रूप में प्रसिद्ध है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक और आस्था से जुड़े क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री ब्रज की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप नहीं है, इसलिए इसे पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहले से ही इस तरह की व्यवस्था लागू है। उदाहरण के तौर पर ऋषिकेश और अयोध्या जैसे शहरों में मांस और मदिरा की बिक्री पर नियंत्रण रखा गया है। इसी तर्ज पर मथुरा और पूरे ब्रज क्षेत्र में भी प्रतिबंध लागू किया जाना चाहिए, ताकि यहां की धार्मिक मर्यादा और सांस्कृतिक पहचान अक्षुण्ण बनी रहे।
करणी सेना का कहना है कि यह अभियान किसी व्यक्ति या समुदाय के विरोध में नहीं, बल्कि ब्रज की धार्मिक गरिमा को बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। संगठन का मानना है कि प्रशासन यदि इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाता है तो ब्रज क्षेत्र की पवित्रता और धार्मिक वातावरण को और मजबूती मिलेगी।
विजयपाल ठाकुर ने स्पष्ट किया कि संगठन इस मुद्दे को शांतिपूर्ण एवं कानूनी दायरे में रहकर आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो करणी सेना न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाने से पीछे नहीं हटेगी।
अब देखना यह होगा कि करणी सेना की इस मांग पर प्रशासन क्या रुख अपनाता है और इस विषय में आगे क्या निर्णय लिया जाता है।




