ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की लागत से शुरू किए गए इन कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के तहत सबसे प्रमुख ₹11 करोड़ की लागत से शाहपुरा में आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही ₹2 करोड़ की लागत से डाक बंगले के नवीन भवन का निर्माण तथा ₹4 करोड़ 16 लाख की लागत से बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी कई अहम कार्यों की शुरुआत की गई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शाहपुरा में दो कक्षा-कक्षों का निर्माण ₹20.26 लाख की लागत से किया जाएगा। इसी प्रकार राउप्रावि रामपुरा बस्ती शाहपुरा तथा राउप्रावि रेगर बस्ती तहनाल गेट में भी ₹20.26 लाख-₹20.26 लाख की लागत से दो-दो कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त PSB राजकीय महाविद्यालय शाहपुरा में ₹50 लाख की लागत से आईटीसी लैब एवं स्मार्ट क्लास रूम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। वहीं, वीर माता माणिक कंवर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ₹17 लाख की लागत से टीन शेड निर्माण तथा स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल शाहपुरा में ₹25 लाख की लागत से डोम निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ये सभी विकास कार्य क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं से शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा, स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, माताएं-बहनें, देवतुल्यजन, अधिवक्ता बंधु एवं पत्रकार बंधु सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




