ब्यूरो चीफ: उमेश पाठक, रीवा
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम हरदिया में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है, वहीं पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
महुआ बीनने गए थे दोनों बच्चे
जानकारी के अनुसार, ग्राम हरदिया निवासी दादू कोल के पुत्र राजन कोल और पुत्री सविता कोल शनिवार सुबह पास के डोरी जंगल में महुआ बीनने गए थे। इन दिनों ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ सीजन होने के कारण लोग सुबह-सुबह जंगलों की ओर जाते हैं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि इसी बीच अचानक कड़कती बिजली दोनों भाई-बहन के ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शादी वाले घर में छाया मातम
घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक सविता कोल की शादी इसी महीने 30 तारीख को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। जहां कुछ ही दिनों में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहीं अब घर में मातम पसरा हुआ है। जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां से अब भाई-बहन की अर्थी उठेगी।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, राहत प्रक्रिया शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए नियमानुसार आपदा राहत राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है।




