ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर। जिले के गंगापुर सिटी में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। शहर के बीचों-बीच स्थित निजी बस स्टैंड पर कैलादेवी बस ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में गिर्राज मिल निवासी पंकज बंसल बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि कैलादेवी बसों से जुड़े हादसे पहले भी कई बार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। मुख्य सड़क मार्ग पर बसों का अवैध जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
गौरतलब है कि यह मामला पहले भी पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर की जनसुनवाई में उठ चुका है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बसों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।




