ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा, प्रतापगढ़
प्रतापगढ़, राजस्थान। जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के पनावला गांव में मंगलवार को फायरिंग की एक गंभीर घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खेत पर मक्का की फसल की रखवाली कर रहे 16 वर्षीय किशोर अंकुश उर्फ पप्पू को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय अंकुश अपने साथियों शांतिलाल और रुद्राक्ष के साथ खेत पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे और जंगली जानवरों का शिकार करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें दो गोलियां सूअरों को लगीं, जबकि एक गोली सीधे अंकुश के सिर में जा लगी।
गोली लगते ही अंकुश जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए प्रतापगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश, लक्ष्मण उर्फ लक्ष्मीराम, गेंदराज और मांगीलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन टोपीदार बंदूकें, एक नाल और दो मोटरसाइकिल (जिनमें एक हीरो स्प्लेंडर प्रो शामिल है) बरामद की हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला शिकार के दौरान लापरवाही से की गई फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।




