ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। शाहपुरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी नाम-पता बताकर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाने और शादी का दबाव बनाकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी मुर्षिदुल इस्लाम लस्कर (20) निवासी हैलाकंडी, असम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बेंगलुरु से दस्तयाब किया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य व वृताधिकारी ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुरेश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
ऐसे आया मामला सामने
पुलिस के अनुसार 23 मार्च 2026 को एक प्रार्थी ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी कि उसकी नाबालिग पुत्री से इंस्टाग्राम पर “आर्यन सिंह राजपूत” नाम से एक युवक ने दोस्ती की। आरोपी ने झूठी पहचान और भ्रामक जानकारी देकर युवती को मानसिक रूप से प्रभावित किया और उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। परिजनों को संदेह होने पर जांच की गई, जिसमें युवक की असली पहचान मुर्षिदुल इस्लाम लस्कर के रूप में सामने आई।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना शाहपुरा में प्रकरण संख्या 86/2026 के तहत धारा 78(2) बीएनएस, धारा 66 आईटी एक्ट एवं धारा 11/12 पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश चंद, उपनिरीक्षक राजेश कुमार मीणा, कांस्टेबल हन्नी सिंह, अरविंद सिंह व सूर्यवीर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।




