जिला ब्यूरों: चंचलेश इन्दौरकर, छिंदवाड़ा
बिछुआ। जनपद पंचायत बिछुआ के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पनियारी के वार्ड क्रमांक 6 (हेटी बसाहट) में लंबे समय से सड़क निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा सैकड़ों बार लिखित आवेदन दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हेटी क्षेत्र में करीब 3.5 किलोमीटर लंबा कच्चा मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में है। बारिश के दिनों में यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय मुख्य सड़क तक ले जाना बेहद कठिन हो जाता है। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं को भी इस मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे कई बच्चे स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं।
बताया गया है कि ग्राम पनियारी की हेटी बसाहट में वार्ड क्रमांक 06 के अंतर्गत लगभग 42 से 45 परिवार निवास करते हैं, जिनकी कुल जनसंख्या करीब 300 से 350 है। यहां स्थित शासकीय प्राथमिक शाला हेटी तक पहुंचने का मुख्य रास्ता भी कच्चा है, जो बरसात में पूरी तरह बाधित हो जाता है।
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण की मांग करते हुए प्रस्ताव रखा है कि चिबड़ी-पालातरा मेन रोड से ग्राम जामलापानी मेन रोड तक लगभग 3.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाए। इसके साथ ही चिबड़ी-पालातरा मार्ग से प्राथमिक शाला हेटी तक जाने वाले करीब 1 किलोमीटर कच्चे रास्ते को सी.सी. रोड में परिवर्तित करने की भी मांग की गई है।
इस प्रस्तावित मार्ग में गोरेसिंग सिलू एवं महेश सिलू की भूमि आती है, जिनके द्वारा सड़क निर्माण हेतु अपनी भूमि शासन को देने की सहमति भी दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य पनियारी मेन रोड की ओर से किया जाता है, तो लगभग 20-25 भूस्वामियों की भूमि प्रभावित होगी, जिनकी सहमति प्राप्त करना कठिन है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सहमति के अनुसार प्रस्तावित मार्ग पर ही 3.5 किलोमीटर सड़क एवं 1 किलोमीटर सी.सी. रोड निर्माण को तत्काल स्वीकृति दी जाए और कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।




