ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
पांढुर्णा। पांढुर्णा जिले के तिगांव क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाकर वापस लौट रहा था, तभी पीछे से आए एक वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम और विवाद की स्थिति में वह व्यक्ति अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर चला गया। जब वह वापस लौटा तो उसकी मोटरसाइकिल गायब थी।
पीड़ित द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने पर तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच और तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है तथा घटना में उपयोग किए गए वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें शीघ्र न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध चाहे छोटा हो या बड़ा, कानून की नजर से बचना संभव नहीं है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




