ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनू, 08 अप्रैल 2026।
जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा अपराधों की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) द्वारा बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण, वृताधिकारीगण एवं सभी थानाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में घटित अपराधों की संख्या एवं प्रकृति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की जांच प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता बरतने, पीड़ितों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराने एवं अपराधों की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही असामाजिक तत्वों एवं बदमाशों पर सख्त नजर रखने, नशीले पदार्थों, जुआ, सट्टा, आबकारी एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सक्रिय एवं वांछित अपराधियों की निगरानी बढ़ाने तथा उनके विरुद्ध अधिकाधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सांयकालीन गश्त करें तथा रात्रि गश्त के दौरान अतिरिक्त पिकेट लगाकर क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाएं। बिना नंबर के वाहनों एवं अवैध वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही परिवादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।




