ब्यूरो रिपोर्ट: सज्जन खान
अमेठी, गुरुवार। थाना शिवरतनगंज क्षेत्र के पूरे मोहनी बसंतपुर गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भूसा चोरी के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कमरे आलम पुत्र मोहम्मद सईद ने आरोप लगाया है कि जगीर, सतीश प्रधान सहित चार अज्ञात व्यक्ति सोनालिका ट्रैक्टर, रीपर और ट्रॉली के माध्यम से उसके खेत से चोरी-छिपे गेहूं का भूसा काटकर ले जा रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी गोलबंद होकर कुछ समय बाद स्कॉर्पियो वाहन (संख्या UP 32 GZ 7086) से मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि हमलावरों ने सरिया, हॉकी, डंडा और लाठी से कमरे आलम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया, सिर पर गहरी चोट आई, जबकि आंख बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद आरोपी युवक को मृत समझकर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। हमले के बाद कमरे आलम बेहोश हो गया, जिसे परिजनों द्वारा तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष ने थाना शिवरतनगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




