ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 23 मार्च। कावेंद्र सिंह सागर, जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा रविवार (22 मार्च 2026) को जिले के विभिन्न पुलिस थानों, वृत कार्यालयों तथा हरियाणा सीमा क्षेत्र का सघन एवं विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस थाना बबाई, खेतड़ी, मेहाड़ा, खेतड़ीनगर, सिंघाना, पचेरी कलां, बुहाना, सूरजगढ़, चिड़ावा, बगड़, पुलिस चौकी पिलोद सहित वृत कार्यालय खेतड़ी एवं चिड़ावा का दौरा किया गया। इस दौरान थानों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस प्रणाली तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति का गहन अवलोकन किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने थानाधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं संवेदनशील मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा आमजन की शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिला, बाल अपराध और साइबर अपराध के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
वृत कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया।
हरियाणा बॉर्डर क्षेत्र नावता व बसई में निरीक्षण के दौरान नाकाबंदी व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच तथा अंतरराज्यीय गतिविधियों की निगरानी का जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सीमा पर तैनात कार्मिकों को अवैध गतिविधियों, तस्करी एवं अपराधियों की आवाजाही पर सख्ती से अंकुश लगाने तथा हरियाणा पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी कार्मिकों को अनुशासन, समयपालन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा निरीक्षण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।




