संवाददाता : जसवंत सिंह
बाड़मेर ज़िले के सिणधरी क्षेत्र के साजटा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें दो मजदूरों की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान श्रवण पुत्र रामलाल (उम्र 30 वर्ष, निवासी निंबलकोट) और कमलेश पुत्र पोकरराम (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर आज ही साजटा गांव में आरसीसी छत डालने के काम के लिए पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, काम के दौरान लोहे का आरसीसी स्टैंड बिजली के संपर्क में आ गया, जिससे दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, मृतकों के परिजन और युवा कांग्रेस नेता आज़ाद सिंह राठौड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि बाड़मेर जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। धरनाकारियों ने प्रशासन से उचित मुआवज़ा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।




