ब्यूरो रिपोर्ट: नागेश प्रजापत
प्रतापगढ़, 22 मार्च। जिले के छोटी सादडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कारुंडा गांव में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और मारपीट की गंभीर घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को कारुंडा गांव के एक व्यक्ति ने थाना छोटी सारडी में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ आरोपियों ने उसकी दुकान और मकान में आग लगा दी, जमकर तोड़फोड़ की और उसके साथ मारपीट भी की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह एवं वृत्ताधिकारी रामेश्वर लाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण टाक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लोकेंद्र सिंह उर्फ मोनू, मनोहर, खेमराज उर्फ कालूलाल, नितेश कुमार, रावल उर्फ चिंटू, देवीलाल गजेंद्र उर्फ गट्टू तथा राजमल उर्फ राजू शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




