ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर: जिले के खण्डार कस्बे की छापर कॉलोनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सुबह करीब 7 बजे दो कुत्तों ने भटककर कॉलोनी में आए एक हरिण के बच्चे (शावक) पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और सुबह लगभग 8 बजे घायल हरिण शावक का रेस्क्यू किया। हालांकि, रेस्क्यू के दौरान अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही शावक ने दम तोड़ दिया।
फोरेस्टर अमरसिंह ने बताया कि शावक को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। रेस्क्यू टीम में वन रक्षक गिर्राज सैनी, मुकेश जाट, फोरेस्टर हनुमान, होमगार्ड एवं अन्य स्टाफ शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला करने वाले कुत्ते पालतू थे। इस संबंध में जब फोरेस्टर अमरसिंह से पूछा गया कि क्या कुत्तों के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, तो उन्होंने कहा कि यदि जांच में कुत्तों के पालतू होने की पुष्टि होती है, तो संबंधित मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।




