ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में इस बार 125 आवेदकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आवेदकों ने जमीन सीमांकन, संबल योजना का लाभ, सड़क निर्माण, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से रखीं।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने प्राप्त आवेदनों पर तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण हेतु चिन्हित करते हुए आगामी समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन द्वारा आवेदकों के बैठने सहित आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन की इस पहल से आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच मिल रहा है।




