ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया।
कार्रवाई के दौरान योजना शाखा के सामने फल एवं जूस विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात बड़वन क्षेत्र में अवैध रूप से लगी गुमठियों को हटाते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
नगर निगम की टीम ने नागपुर रोड स्थित चर्च के सामने भी कार्रवाई करते हुए सड़क पर अवरोध बन रही गुमठियों को हटाया, जिससे मार्ग को सुगम बनाया जा सका। इसके अलावा एमएलबी स्कूल के बाजू वाली सड़क से भी अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम नागरिकों को सुविधा प्रदान करना है। कार्रवाई के दौरान संबंधित विक्रेताओं को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




