ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा, मध्यप्रदेश।
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को छिंदवाड़ा जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर जिलेवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी।
मंत्री श्री पटेल ने जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के “अटल सुशासन भवन” (जनपद पंचायत भवन), तहसील बिछुआ में जनपद पंचायत भवन तथा चौरई में जनपद पंचायत भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमिपूजन किया। इसके साथ ही चौरई विधानसभा क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण हेतु भी भूमिपूजन किया गया। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल भवन निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना भी आवश्यक है। इसके लिए पंचायतों की आय बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में अभी तक पंचायत भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां सर्वे के आधार पर प्राथमिकता से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। साथ ही पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास भी जारी हैं, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक सुविधाएं मिल सकें।
मंत्री श्री पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत जरूरतमंद परिवारों को लगातार आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण सड़कों के विस्तार से गांव-गांव को जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे विकास को गति मिली है।
उन्होंने स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना आवश्यक है। जल के दुरुपयोग को रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर शेषराव यादव ने कहा कि मंत्री श्री पटेल का विजन दीर्घकालिक विकास पर आधारित है और पंचायत भवनों के निर्माण की स्वीकृति क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
चौरई विधायक श्री सुजीत सिंह चौधरी ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
जिला पंचायत छिंदवाड़ा अध्यक्ष श्री संजय पुन्हार ने भी पंचायत स्तर पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर संतोष व्यक्त करते हुए मंत्री श्री पटेल का आभार जताया।
प्रवास के अंत में मंत्री श्री पटेल सिवनी रोड स्थित सिहोरामाल में आयोजित सहस्त्र चंडी महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने सांसद श्री विवेक बंटी साहू के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में महापौर श्री विक्रम अहके, पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे, भारिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिनेश अंगारिया, श्री विजय पांडे, श्री अजय सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम श्री सुधीर जैन, एसडीएम श्री प्रभात मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




