ब्यूरो रिपोर्ट:
छोटी सादड़ी। क्षेत्र के जलोदिया से केुखेड़ा तक लगभग 6 किलोमीटर लंबा मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह मार्ग सड़क कम और गड्ढों से भरा ‘एडवेंचर ट्रैक’ अधिक नजर आता है। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जो सफर पहले कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाता था, अब उसमें 20 मिनट से अधिक समय लग रहा है। वह भी जोखिम उठाकर और पूरी सावधानी के साथ यात्रा करनी पड़ रही है। पहली बार इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को ऐसा महसूस होता है मानो वे किसी ऑफ-रोड ट्रैक पर चल रहे हों।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर इतने गहरे और बड़े गड्ढे हो चुके हैं कि वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं या संतुलन बिगड़ने से हादसे की आशंका बनी रहती है। गांव के अंदर बनी सीसी सड़क भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उसमें दरारें साफ दिखाई दे रही हैं।
सड़क की इस दुर्दशा का मुख्य कारण मार्ग पर संचालित खदानें बताई जा रही हैं। इन खदानों से दिन-रात ओवरलोड ट्रक और ट्रेलर गुजरते हैं, जिससे सड़क पर लगातार भारी दबाव पड़ रहा है। नतीजतन डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और सड़क पर केवल धूल और गड्ढे ही नजर आते हैं।
यह मार्ग राजस्थान और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिससे यातायात भी काफी अधिक रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिले हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इस मार्ग से गुजरने वाले लोग रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।




