सुरेश सैनी, झुंझुनू
दिनांक 19-02-2026 को श्रीमती एस. परिमाला आईपीएस महोदया महानिरीक्षक पुलिस (कार्मिक) पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर द्वारा रिजर्व पुलिस लाईन झुन्झुनूं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया गया तथा संपर्क सभा व अपराध गोष्ठी ली गई।
महानिरीक्षक पुलिस महोदया द्वारा रिजर्व पुलिस लाईन निरीक्षण के दौरान परेड की सलामी ली गई तथा जवानों की ड्रिल व अनुशासन का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान शास्त्रागार, आरमोर्र वर्कशॉप, मैस, आवासीय क्वार्टर, परिवहन शाखा, डॉग स्क्वॉयड, स्टोर, पुलिस लाईन परिसर एवं कैंटीन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रिजर्व पुलिस लाईन परिसर का निरीक्षण किया जाकर स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये गये।
महोदया द्वारा पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों के साथ सम्पर्क सभा आयोजित कर सीधे पुलिस कर्मियों से संवाद किया गया। सम्पर्क सभा में जवानों की समस्याओं को सुना गया तथा समस्याओं के समाधान तथा अन्य दीर्घकालिक मुद्दों के निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होनें ईमानदारी, जन-मैत्रीपूर्ण व्यवहार के साथ ड्यूटी करने के लिए जवानों को प्रेरित किया और उनका मनोबल बढ़ाया।
तत्पश्चात महानिरीक्षक पुलिस महोदया की अध्यक्षता में सभागार पुलिस लाईन झुन्झुनू में अपराध समीक्षा बैठक (क्राईम मीटिंग) आयोजित की गई। मीटिंग में जिले में हुए अपराधों की संख्या और प्रकृति की समीक्षा की गई तथा उपस्थित अधिकारीगण को महिला अत्याचार दुष्कर्म/पोक्सो व अन्य लंबित मामलों का शीघ्र अनुसंधान पूर्ण करने के साथ ही महिलाओं/बच्चों की सुरक्षा के लिए चल रही योजनाओं को आमजन तक अधिक से अधिक पहुंचाने के निर्देश दिये गये। अपराधों की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने तथा बदमाशों और असामाजिक तत्वों एवं किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार जैसे नशीले पदार्थ, जुआ, सट्टा, आबकारी, आर्म्स के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय झुन्झुनू का निरीक्षण किया जाकर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के रिकॉर्ड और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों व कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिये गये।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक झुन्झुनूं बृजेश ज्योति उपाध्याय IPS, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक QIDT श्री फूलचंद मीणा RPS सहित संबंधित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
झुन्झुनूं पुलिस द्वारा महानिरीक्षक पुलिस महोदया के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए जनसेवा व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।




