ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
राजगढ़। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजगढ़ में जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने पुलिस थाना राजगढ़ में बनाए गए कंट्रोल रूम का फीता काटकर इस व्यवस्था की शुरुआत की और कंट्रोल रूम का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी भी ली।
इससे पूर्व पुलिस थाना राजगढ़ परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं, व्यापारी बंधुओं और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार तथा तहसीलदार मुकेश बामनिया मंचासीन रहे।
इस अवसर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग देने वाले दानदाताओं, नागरिकों और संस्थाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा शील्ड एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। फिलहाल नगर के 13 प्रमुख स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए गए हैं, जबकि तीन स्थानों पर कैमरे लगाना अभी शेष है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कहा कि नगर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य पुलिस और जनता के आपसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब समाज पुलिस को मित्र मानकर सहयोग करता है तो कानून व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी मदद मिलती है। उन्होंने नागरिकों द्वारा दिखाई गई सक्रियता और जागरूकता की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता का जुड़ाव बहुत महत्वपूर्ण है और इसी सहयोग के माध्यम से आगे भी कई सकारात्मक कार्य किए जाएंगे। उन्होंने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता जरूरी है। साथ ही नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सामाजिक चेतना के साथ पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अभिमन्यु अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और समाज को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच बन चुके हैं। किसी भी बड़े अपराध की जांच में कैमरे काफी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कैमरों के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया ताकि यह व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे।
कार्यक्रम को डॉ. एम.एल. जैन, भाजपा नेता नवीन बनिया, मनोज माहेश्वरी, नीलेश सोनी, हुसैन बोहरा और बाबूलाल चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया, जबकि आभार थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने व्यक्त किया।




