ब्यूरो रिपोर्ट:
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। उदय प्रताप कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े 22 वर्षीय बीएससी छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बीए छात्र मंजीत चौहान ने कथित रूप से निजी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी ने छात्र पर ताबड़तोड़ करीब आठ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि भागते समय वह अपनी पिस्तौल वहीं छोड़ गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना से आक्रोशित छात्रों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र बाजार में इकट्ठा होकर नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और लगातार दबिश दी जा रही है।
यह घटना नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में होने के कारण और भी संवेदनशील मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
यह वारदात एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में बढ़ती हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।




