ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा-ढीकोला उप तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सूरज सिंह जी का खेड़ा के पास तरबूज से भरा एक ट्रक अचानक सड़क पर आए मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा से तरबूज भरकर एक ट्रक दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक सूरज सिंह जी का खेड़ा के पास पहुंचा, उसी दौरान सड़क पर अचानक एक मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के लिए चालक ने ट्रक को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
ट्रक पलटने से उसमें भरे तरबूज सड़क और आसपास खेत में बिखर गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और चालक व खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर मवेशियों के अचानक आने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रशासन से सड़क सुरक्षा और मवेशियों की व्यवस्था को लेकर उचित कदम उठाने की मांग की गई है।




