सुरेश सैनी झुंझुनू
झुंझुनूं, 19 फरवरी। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने बाल वाहिनियों की नियमित जांच करने के निर्देश देते हुए शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग को बाल वाहिनियों के चालकों की नेत्र जांच के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारियों को eDAR एप्लीकेशन पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने झुंझुनूं शहर में उपयुक्त पार्किंग स्थलों की पहचान करने तथा शहरी निकायों के अधिकारियों को मुख्य सड़कों से नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सके।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता सतीश चंद्र गुप्ता, सीडीईओ अशोक शर्मा सहित पुलिस, परिवहन, शहरी निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




