ब्यूरो चीफ: आशाराम कुंडले, खरगोन (मध्य प्रदेश)
खरगोन जिले के बेड़ियां क्षेत्र के समीप स्थित ग्राम जुलवानिया के शासकीय स्कूल में सोमवार को अव्यवस्थाओं और लापरवाही के आरोप सामने आए। मीडिया कर्मियों द्वारा स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान स्कूल के हेडमास्टर श्री बामनिया के व्यवहार पर भी सवाल खड़े हुए।
जानकारी के अनुसार, जब मीडिया कर्मी स्कूल पहुंचे और विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, तो हेडमास्टर ने सही जानकारी देने के बजाय मीडिया से बातचीत करना उचित नहीं समझा। आरोप है कि उन्होंने मीडिया कर्मियों से अभद्रता से बात की और सवालों का जवाब देने से बचते रहे।
बताया गया कि इस दौरान हेडमास्टर स्कूल परिसर से बाहर टहलते हुए नजर आए, जबकि मीडिया कर्मी उनसे जानकारी लेने का प्रयास करते रहे। इसी दौरान स्कूल में मध्यान्ह भोजन से संबंधित व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले कर्मचारी मौके पर उपस्थित नहीं थे।
मीडिया कर्मियों ने जब छात्रों से मध्यान्ह भोजन के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, तो आरोप है कि हेडमास्टर ने बच्चों को वहां से भगा दिया और उनसे बातचीत नहीं करने दी।
विद्यालय परिसर में शौचालयों की स्थिति भी खराब पाई गई। निरीक्षण के दौरान शौचालयों में साफ-सफाई और रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं दिखी। स्कूल में अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं होने की बात सामने आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी ही इस तरह का व्यवहार करेंगे और व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं देंगे, तो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
मामले को लेकर संबंधित विभाग से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग भी उठने लगी है।




