ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर। राज्य सरकार के आदेशानुसार वर्ष 2018 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने शनिवार को सवाई माधोपुर जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान पुलिस की प्राथमिकताएं ही सवाई माधोपुर पुलिस की प्राथमिकताएं रहेंगी।
नई एसपी ने कहा कि संवेदनशीलता, सख्ती और सेवाभाव के समन्वय से पुलिसिंग को नई दिशा दी जाएगी। टाइगर अभयारण्य के लिए प्रसिद्ध इस जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, साइबर क्राइम पर नियंत्रण तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर फोकस करने की बात कही। इसके साथ ही अवैध बजरी खनन (बजरी माफिया) पर सख्त कार्रवाई का भी संकल्प दोहराया।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा पुलिस जवानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं निवर्तमान एसपी बेनीवाल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
आईपीएस ज्येष्ठा मैत्रेयी एक ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने के कारण युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी हैं। वे दिल्ली सहित विभिन्न मंचों पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मार्गदर्शन देती रही हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने ईटावा बालाजी मंदिर और घुश्मेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस आमजन के साथ विश्वास मजबूत करते हुए संवेदनशील एवं जवाबदेह बनेगी तथा त्वरित और भरोसेमंद सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी।




