ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर
सवाई माधोपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय खेल प्राधिकरण तथा माय भारत केंद्र के समन्वय से 8 मार्च को प्रातः 8 बजे दशहरा मैदान, सवाई माधोपुर में अस्मिता लीग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में खेल भावना, आत्मविश्वास तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों—अंडर-13, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में आयोजित की गई। प्रत्येक आयु वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं कराई गईं। इस प्रकार कुल 9 दौड़ स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। इसके अलावा मनोरंजक खेल के रूप में रस्साकस्सी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गुडिया बैरवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मधु मीणा द्वितीय और सोनिया मीणा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 400 मीटर दौड़ में आरती गोपाल प्रथम, अवनिका द्वितीय और कुमकुम चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर कानाराम ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।




