ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
सीतापुर। जनपद में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला इमलिया सुल्तानपुर कस्बे से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। चोरों ने दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, देर रात चोर कस्बे में पहुंचे और एक के बाद एक कई दुकानों के ताले और शटर तोड़ दिए। सबसे पहले चोरों ने एक कपड़े की दुकान को निशाना बनाया, जहां से करीब 30 हजार रुपये के कपड़े चोरी कर लिए गए। इसके बाद चोरों ने पास में स्थित शराब और बीयर की दुकान का भी ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वहां से चोरी होने की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी।
इतना ही नहीं, चोरों ने एक मोबाइल शॉप का ताला भी तोड़ दिया, जिससे इलाके के व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है।
हैरानी की बात यह है कि चोरों ने वारदात के दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया, लेकिन उनकी पूरी गतिविधि कैमरों में कैद हो गई।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और उसी के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से कस्बे के व्यापारियों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।




