ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
सीतापुर। जनपद में अवैध कब्जों और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर तथा आसपास के क्षेत्रों में चल रही कई अवैध प्लॉटिंग साइटों पर पहुंचकर कार्रवाई की और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया।
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बिना नक्शा पास कराए और बिना वैध अनुमति के कृषि भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर जमीन बेच रहे हैं। शिकायतों के आधार पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें कई स्थानों पर प्लॉटिंग पूरी तरह अवैध पाई गई।
जांच के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माणों और प्लॉटिंग के ढांचों को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध कब्जा और बिना अनुमति के प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस बुलडोजर कार्रवाई के बाद अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है और कई लोग अपने अवैध निर्माणों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।




