संवाददाता : विनीत सिंह
सीतापुर, लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अटरिया थाना क्षेत्र के हिंद अस्पताल के पास एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसे में मरीज सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, एम्बुलेंस उत्तराखंड से मरीज को लेकर वाराणसी जा रही थी। रास्ते में अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे एम्बुलेंस सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही अटरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मृतकों की शिनाख्त और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।




