ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा जिला प्रभारियों की घोषणा के बाद प्रदेश महासचिव व सिरोही जिले के वरिष्ठ नेता हरीश चौधरी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें उदयपुर शहर एवं उदयपुर ग्रामीण का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
राजनीतिक व संगठनात्मक अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले हरीश चौधरी इससे पूर्व आबू शहरी सुधार न्यास (यूआईटी) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्हें पहले पाली जिले का प्रभारी भी बनाया गया था। पार्टी द्वारा उदयपुर जैसे अहम जिले की जिम्मेदारी सौंपे जाने को उनके अनुभव और कार्यशैली पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
जिला प्रभारियों की सूची जारी होते ही सिरोही जिले सहित आबूरोड क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए हरीश चौधरी को बधाई दी।
नई जिम्मेदारी मिलने पर हरीश चौधरी ने गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसे वे पूरी निष्ठा व जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उदयपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा।
इस नियुक्ति के बाद सिरोही जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं पार्टी पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि हरीश चौधरी के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।




