ब्यूरो रिपोर्ट: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 15 मार्च।
राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में कार्यालय जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, झुंझुनूं तथा लघु उद्योग भारती संघ के संयुक्त तत्वावधान में ‘एक जिला एक उत्पाद’ एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 15 मार्च से 19 मार्च 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, झुंझुनूं के परिसर में आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले के कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत जिले के चयनित उत्पाद वुडन हैंडीक्राफ्ट और लकड़ी से निर्मित वस्तुओं की विशेष स्टॉल्स लगाई गई हैं। इन स्टॉल्स पर स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार की गई आकर्षक, पारंपरिक एवं उपयोगी लकड़ी की वस्तुएं तथा अन्य हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो जिले की पारंपरिक कला, कौशल और रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिल रहा है। साथ ही आमजन को भी स्थानीय स्तर पर निर्मित गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को देखने और खरीदने का अवसर प्राप्त होगा।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक अभिषेक चोबदार ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना भी इस आयोजन का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
प्रदर्शनी के दौरान लघु उद्योग भारती संघ के अध्यक्ष रोहिताश बंसल, सचिव सुरेंद्र केडिया, प्रदीप कुमार चाहर, राजकुमार चौधरी, नरेश केजरीवाल, अनिल भौड़कीवाले, विवेक केडिया, पवन केडिया, श्रवण गोयनका, पवन कुमावत, महेश जी, केलाश जांगिड़ एवं रतन जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र ने नागरिकों, व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें और जिले के उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन करें।




