ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
झुंझुनूं, 8 मार्च। जिला प्रशासन एवं राजीविका के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को शहर के परमवीर पीरू सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में राजीविका राजसखी मेले का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक रामनिवास ने बताया कि यह मेला 7 मार्च से 15 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में कुल 80 स्टॉल लगाए गए हैं, जिन पर महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों का विपणन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की पहल पर इस तरह का मेला पहली बार राजस्थान के प्रत्येक जिले में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
मेले के दौरान राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत जिले की 110 महिलाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से 11 महिलाओं को टैबलेट वितरित किए गए। जानकारी के अनुसार जिले के प्रत्येक ब्लॉक से 10 महिलाओं को टैबलेट दिए जाएंगे।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पारंपरिक उत्पादों के साथ नए और नवाचार वाले उत्पाद तैयार कर मेले में लाने के लिए प्रेरित किया। वहीं निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने महिलाओं को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे राजीविका से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन में हमेशा साथ खड़ी रहेंगी।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी कौशल्या बिश्नोई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी छोटेलाल गुर्जर, जिला युवा अधिकारी मधु यादव, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विकास चाहर सहित राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
इस दौरान राजीविका से रामजी लाल, अहवाब, किरण, योगेश सहित अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन राजीविका जिला प्रबंधक जितेन्द्र सिंह ने किया।




